एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल में बारिश के कहर को देखते हुए अपने आप ही कमान संभाल ली है। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रही मूसलाधार वर्षा के चलते उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला उपायुक्तों से टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने वर्तमान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वर्षा ऋतु के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं। उन्होंने कहा, जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे जलस्रोतों के पास जाने से बचें और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। मुख्यमंत्री ने आपात स्थिति जैसे भूस्खलन, सड़कों के अवरुद्ध होने या अचानक बाढ़ की स्थिति में समय पर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सेवाओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने चंबा जिले के राजनगर की सुताह ग्राम पंचायत में भूस्खलन के कारण एक नवविवाहित दंपत्ति की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता जताई।
