एआरबी टाइम्स

IPL : मुंबई की बड़ी जीत से टूटा राजस्थान का सपना, धर्मशाला पहुंचे किंग्स और सुपरजायंट्स

May 2, 2025 | by ARB Times Team

IPL 2025

जयपुर / धर्मशाला। मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से हराकर आईपीएल 2025 में लगातार छठी जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इस हार के साथ राजस्थान की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। टीम ने अब तक 11 में से 8 मुकाबले गंवाए हैं और बाकी तीन जीतने पर भी वह केवल 12 अंकों तक ही पहुंच सकती है।

वीरवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 217 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 117 रन पर सिमट गई। मुंबई के ओपनर रायन रिकेलटन ने 61 रन और रोहित शर्मा ने 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पंड्या ने नाबाद रहते हुए 48-48 रन बनाकर 94 रनों की साझेदारी की। रायन रिकेलटन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ट्रेंट बोल्ट और कर्ण शर्मा ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि बुमराह को 2 सफलताएं मिलीं। राजस्थान का कोई भी बल्लेबाज 30 रन तक नहीं पहुंच सका।

  • कांगड़ा हवाई अड्‌डे से बाहर निकलते पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस, शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस।

उधर, आईपीएल के 4 मई को होने वाले मुकाबले के लिए पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें वीरवार को धर्मशाला पहुंच गई हैं। विशेष विमानों से टीमें वीरवार को कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर पहुंचीं। पंजाब की टीम कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच रिकी पोंटिंग के नेतृत्व में शाम सवा चार बजे धर्मशाला पहुंची। वहीं, लखनऊ की टीम दोपहर में पहुंची, जिसमें शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, आवेश खान और आकाश दीप सहित 16 खिलाड़ी शामिल थे। दोनों टीमें धर्मशाला के होटल रेडिसन ब्लू में ठहरी हैं और 4 मई को एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला खेलेंगी। दोनों टीमें शुक्रवार और शनिवार को शाम 6 से 9 बजे तक धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास करेंगी।

RELATED POSTS

View all

view all