आनी के लुहरी में नशे के खिलाफ एकजुट हुए लोग, बाजार रखा बंद

आनी के लुहरी में शुक्रवार को नशे के खिलाफ आयोजित रैली में शामिल
महिलाएं। लोगों ने पुलिस से नशे की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। 

 

आरबी टाइम्स ब्यूरो


आनी। कुल्लू जिले के लुहरी में शुक्रवार को अभिभावक नशे के खिलाफ एकजुट हुए। इस मौके पर लुहरीवासियों ने बाजार बंद रखा और नशे के विरोध में आक्रोश रैली का आयोजन किया। इस अभियान में बैहना, डिंगीधार और दलाश पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों के अलावा आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, पूर्व विधायक राकेश सिंघा सहित कई लोग शामिल हुए।

आनी में नशे से हो रही मौतें

बीते दिनों आनी में चिट्टे से एक युवक की मौत हो गई थी। यह कोई पहली घटना नहीं थी। इससे पहले भी कई युवाओं की नशे के कारण जान जा चुकी है। इस कारण पूरे क्षेत्र में नशे के कारोबारियों के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। इस गुस्से को जाहिर करने के लिए शुक्रवार को लुहरी बाजार पूरी तरह बंद रखा गया, जिसमें व्यापारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साथ ही, नशे के खिलाफ एक आक्रोश रैली भी निकाली गई। इस दौरान विभिन्न अध्यापकों और समाजसेवकों ने लोगों को संबोधित किया और नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया।

माता-पिता की भूमिका अहम

वक्ताओं ने साफ शब्दों में कहा कि यदि बच्चों में माता-पिता का डर और अनुशासन नहीं होगा, तो आने वाली पीढ़ियां भी इसी खतरे का सामना करेंगी। कुछ वक्ताओं ने यह भी कहा कि बच्चों को घर से दूर पढ़ाना अच्छी बात है, लेकिन किराए के कमरे में रहना भी नशे के बढ़ते प्रचलन का एक बड़ा कारण बन रहा है। इसलिए स्कूलों में बस सेवाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे बच्चे सुबह घर से स्कूल जाएं और शाम को सीधे घर लौटें। वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि टूर्नामेंट और अन्य गतिविधियों के नाम पर बच्चे कई दिनों तक घर से दूर रहते हैं, जिससे वे नशे की चपेट में आ सकते हैं। ऐसी जगहों पर बच्चों पर किसी का नियंत्रण नहीं रहता और वे शुरुआत में बीड़ी, गुटखा जैसी चीजों का सेवन करने लगते हैं, जो बाद में उन्हें चिट्टे तक पहुंचा देता है।

नशे के कारोबारियों की जानकारी पुलिस को दें

समाजसेवकों ने स्पष्ट किया कि यदि हम सच में इस समस्या को समाप्त करना चाहते हैं, तो हमें नशे के कारोबारियों की पहचान कर उनकी जानकारी पुलिस को देनी होगी। केवल इसी तरीके से नशे की इस लत से क्षेत्र को मुक्त किया जा सकता है और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *