एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंबा
चंबा–तीसा सड़क हादसा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार रात एक सड़क हादसा हो गया। चंबा–तीसा सड़क मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे बोलेरो कैंपर चंबा से तीसा की ओर जा रही थी। जब वाहन गुनु नाला के पास पहुंचा, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कैंपर गहरी खाई में गिर गई। वाहन के खाई में गिरते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी।
मौके पर एक की मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। हादसे में बालो पुत्र खेती राम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए। दोनों घायलों को तत्काल चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है। इनमें तारो चंद (22) निवासी दवाड़ी, चंबा, थान सिंह उर्फ सन्नी (19) निवासी सुमरा, बालो (17) निवासी पुंडरोड़ी शामिल हैं। तीनों युवक चुराह तहसील, जिला चंबा के रहने वाले थे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर चंबा अस्पताल भेज दिया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
