![]() |
डॉ. राजीव बिंदल |
एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की ओर से चीन के हित में दिए गए भारत विरोधी बयान पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला और विशेषकर पार्टी के विदेशी फंडिंग और लोकसभा में विपक्ष के उप-नेता गौरव गोगोई की पत्नी की जॉर्ज सोरोस के संगठन से संलिप्तता की मीडिया रिपोर्ट्स पर कांग्रेस की तीखी आलोचना की। डॉ. बिंदल ने कहा कि विपक्षी दलों का देश विरोधी शक्तियों का समर्थन करना राष्ट्र के लिए खतरे की घंटी है। डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक ताकत की सराहना करते हुए कहा कि कुछ प्रतिगामी शक्तियां भारत के विकास को रोकने के लिए षड्यंत्र रच रही हैं। कांग्रेस पार्टी के बयान और उनके विचार सार्वजनिक रूप से सामने आ चुके हैं।
बोले – चेले गुड़ रह गए और गुरु चीनी हो गए
सैम पित्रोदा का चीन पर दिया गया बयान स्पष्ट रूप से कांग्रेस के चीन के साथ हुए करार को उजागर करता है। उन्होंने कहा, “हिंदी कहावत है ‘गुरु गुड़ रह गए और चेले शक्कर हो गए’, लेकिन इस मामले में ‘चेले गुड़ रह गए और गुरु चीनी हो गए’। पित्रोदा ने कहा था कि चीन के साथ कोई विवाद नहीं है और भारत ही आक्रामक है। डॉ. बिंदल ने इस बयान को भारत की कूटनीति और संप्रभुता पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस पार्टी की सोच को साफ तौर पर दिखाता है। डॉ. बिंदल ने राहुल गांधी के विदेशों में दिए गए बयानों का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने चीन को बेरोजगारी और आर्थिक प्रगति के मामले में उदाहरण बताया था, जबकि चीन की वास्तविक स्थिति इससे काफी भिन्न है। चीन में बेरोजगारी दर 24% तक पहुंच गई है और कई चीनी बैंक और कंपनियां दिवालिया हो गए हैं। डॉ. बिंदल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अंतरराष्ट्रीय रिश्तों को मजबूत करना चाहती है, लेकिन राष्ट्रीय स्वाभिमान और सुरक्षा को बनाए रखते हुए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से सवाल किया कि सैम पित्रोदा का बयान क्या गलवान में शहीद हुए भारतीय सैनिकों का अपमान नहीं है।