एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला के रामपुर उपमंडल स्थित पृथी मिलिट्री स्टेशन, अवेरीपट्टी में 20 से 27 नवंबर 2025 तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस प्रस्तावित भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि भर्ती के लिए आने वाले युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने भर्ती स्थल पर पानी, बिजली, मोबाइल टॉयलेट, सफाई व्यवस्था, मेडिकल टीम, ट्रैफिक कंट्रोल और फायर सेफ्टी जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के निर्देश दिए।
उन्होंने उपमंडल दंडाधिकारी रामपुर को निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर पर बैठक आयोजित कर यह सुनिश्चित किया जाए कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो। युवाओं को गुमराह होने से रोकने के लिए विशेष निगरानी के प्रबंध होंगे और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
सेना अधिकारियों ने भी भर्ती के दौरान शिक्षा और खेल विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति, पर्याप्त पुलिस बल, अस्पताल की मेडिकल टीम, अतिरिक्त बसें, और बसों के रुकने के लिए चिन्हित स्थानों की व्यवस्था का अनुरोध किया।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय शिमला के निदेशक कर्नल मनीष सिंह, सूबेदार मेजर जी. एस. यादव, तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
