एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी के काठा क्षेत्र में दिनदहाड़े मोबाइल की दुकान में लूट की वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाश पिस्तौल के दम पर दुकान से नकदी और तीन मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार काठा स्थित चंदन कम्यूनिकेशन सेंटर पर दोपहर करीब 3 बजे बाइक पर सवार होकर तीन लोग पहुंचे। उस समय दुकानदार चंदन के साथ एक अन्य युवक फिरोज भी दुकान में मौजूद था। बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाइक पर बैठा रहा, जबकि दो नकाबपोश दुकान के अंदर घुस गए। एक ने शटर नीचे कर दिया और दूसरे ने पिस्तौल दुकानदार की कनपटी पर तान दी। इसी दौरान दुकान में मौजूद एक ग्राहक पर तलवार से वार किया गया, जिससे उसे हल्की चोट आई।
बदमाश गल्ले से नकदी लेकर फरार हो गए। साथ ही 17-17 हजार रुपये कीमत के दो नए मोबाइल फोन और एक पुराना फोन भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले से स्टार्ट बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
