एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की डंसा पंचायत में आज एक दर्दनाक घटना घटी, जब भालू ने एक पुरुष और एक महिला पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हमला डंसा पंचायत के कराली और थाना गांव के बीच हुआ। घायल व्यक्ति सरंजन नेगी उस समय अपनी भेड़-बकरियों को चरा रहा था, जबकि महिला पास में घास काट रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। दोनों इस हमले गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हमले के दौरान दोनों ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। शोर सुनकर भालू मौके से भाग गया। आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को खनेरी अस्पताल पहुंचाया। इस घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को भी दी गई, जिसके बाद रामपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं भालू के इस हमले के बाद ग्रामीणों में भी भय का माहौल है और वन विभाग से भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है।