एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बड़ा हादसा सामने आया है। श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग के भीमडवारी पड़ाव पर तीन भेड़पालक टेंट में मृत मिले हैं। मृतकों की पहचान पवन देव निवासी ठारवा, डीनू राम निवासी जुआगी और बजारू राम निवासी बसवारी के रूप में हुई है। मौत का कारण अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए निरमंड अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार तीनों भेड़पालक 10 सितंबर को अपनी करीब तीन दर्जन गुम हुई भेड़-बकरियों को खोजने के लिए श्रीखंड की चोटियों की ओर निकले थे। परिजनों को लगा कि भेड़-बकरियों की तलाश और देखभाल में समय लग रहा होगा, इसलिए देरी हो रही है। लेकिन सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनके घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। बुधवार को भीमडवारी पहुंचने पर तीनों टेंट में मृत मिले। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को निरमंड अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ठंड, खराब मौसम या ऑक्सीजन की कमी से उनकी मौत हुई होगी। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जिला परिषद सदस्य पूर्ण ठाकुर ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह दुखद हादसा है और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।