एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक सड़क हादसा (Bilaspur Bus Accident) सामने आया है। नम्होल के समीप बुधवार देर रात एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस चालक, परिचालक सहित चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना रात के समय 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस थाना को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि न्यू प्रेम नामक निजी बस सड़क से नीचे खाई में गिरी हुई थी।
🚑 घायलों को एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया
हादसे के समय बस में चालक, परिचालक और तीन सवारियां मौजूद थीं। मौके पर दो सवारियां मिलीं, जबकि एक यात्री वहां से जा चुका था। दुर्घटना में चालक, परिचालक और दो सवारियां घायल हुए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है। घायल व्यक्तियों में रिशु निवासी कुसवाड़, हमीरपुर शामिल है। उसके बयान पर पुलिस ने बस चालक महेंद्र सिंह निवासी रजौल, कांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दुर्घटना में घायल यात्री नितिन ठाकुर को छोड़कर अन्य सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
