एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता 2025 में जिला बिलासपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाई स्कूल और कॉलेज स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता ‘समर्थ-2025’ आपदा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई थी।

हाई स्कूल वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय ज्योरा, बिलासपुर और कॉलेज वर्ग में राजकीय महाविद्यालय, बिलासपुर को यह सम्मान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने प्रतिभागी छात्रों और संस्थानों को बधाई दी है।
राहुल कुमार ने बताया कि राज्य स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 14 अक्तूबर को शिमला में आयोजित होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित निर्माण तकनीकों, आपदा प्रबंधन, संरचनात्मक सुरक्षा, और नवाचार के प्रति जागरूक करना है। यह ज्ञान न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा बल्कि पूरे समाज को आपदा के प्रति तैयार करता है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक स्तर से शुरू होकर जिला स्तर तक किया गया और अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। मॉडल्स का मूल्यांकन विभिन्न मापदंडों जैसे कि –
संरचनात्मक सुरक्षा
डिजाइन नवाचार
तकनीकी सटीकता
पर्यावरण समन्वय
अवधारणा की स्पष्टता
प्रस्तुति कौशल
के आधार पर किया गया।
राहुल कुमार ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ‘समर्थ-2025’ जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और एक सुरक्षित और सतर्क हिमाचल के निर्माण में योगदान दें।