एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन, रामपुर की वार्षिक बैठक का आयोजन नृसिंह मंदिर में अध्यक्ष बांका राम भलूनी की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक की शुरुआत एसोसिएशन के दो सदस्यों दर्शन दास कायथ (पूर्व महासचिव) और आनंद नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर एसोसिएशन के कुछ रिक्त पदों को भरने के लिए सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया जिसमें प्रेम मेहता को महासचिव, वीर सिंह कपूर को कोषाध्यक्ष, ऋषि रोच को संयुक्त सचिव, विजेश गोयल संयोजक, राजेश गुप्ता एवं डॉ. सतपाल को प्रेस सचिव चुना गया।
नव-निर्वाचित महासचिव ने कहा कि रामपुर क्षेत्र में वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों को एक नई ऊँचाई तक ले जाने के लिए वे निरंतर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उचित संसाधन और मंच प्रदान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले 2025 के दौरान आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिता की रूपरेखा तय करना था। सभी सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर गहन चर्चा की और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण किया। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक अवसर प्रदान किए जाएंगे ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।
बैठक का समापन अध्यक्ष बांका राम भलूनी ने सभी सदस्यों और नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए किया। उन्होंने सभी को एसोसिएशन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।