एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की चलहोग पंचायत में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए पंचायत घर का लोकार्पण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने पंचायत को नई इमारत के लिए बधाई दी और कहा कि सरकार पूरे प्रदेश में आदर्श पंचायत घर तैयार कर रही है। उन्होंने बताया कि केवल एक वर्ष के भीतर यह भवन बनकर जनता को समर्पित कर दिया गया है, जिससे पंचायत से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।
मंत्री ने कहा कि पहले चलहोग, शकराह पंचायत का हिस्सा था और यहां की जनसंख्या लगभग 402 है। छोटी पंचायत होने के बावजूद भी यहां समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में शिमला ग्रामीण में 1500 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए। आज इस क्षेत्र में लॉ यूनिवर्सिटी, ज्यूडिशियल अकादमी और फाइन आर्ट कॉलेज जैसे बड़े संस्थान मौजूद हैं।
विकास कार्य पार्टी आधार पर नहीं होने चाहिए: मंत्री
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चुनाव पार्टी आधार पर होते हैं, लेकिन विकास कार्य बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के होने चाहिए। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता पूरे प्रदेश में समान विकास कार्य करवाना है जिसे टीम वर्क के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनावी रंजिशों के कारण विकास प्रभावित नहीं होना चाहिए।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने मनरेगा के माध्यम से 2 लाख रुपये के डंगे लगाने का निर्णय लिया है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के दौरान हुए नुकसान की भरपाई में सहायता मिलेगी। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार संतुलित विकास की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत प्रदेश में 2300 करोड़ रुपये की सड़कों को मंजूरी मिली है। केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
स्थानीय विकास की घोषणाएं
हरी देवी–बलोह सड़क की मेटलिंग कार्य 35 लाख रुपये से पूरा
घन्नाहटी CHC में रेडियोग्राफर और लैब टेक्नीशियन पदों की स्वीकृति
शिमला ग्रामीण में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू
प्रदेश में 1000 रोगी मित्रों की भर्ती योजना
सरकारी स्कूलों में CBSE बोर्ड लागू, घन्नाहटी स्कूल को भी मान्यता
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पंचायत घर के मैदान के लिए 5 लाख रुपये और नए फर्नीचर के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
मौके पर मौजूद रहे
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष सरोज शर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष राम लाल ठाकुर, विभिन्न पंचायतों के प्रधान–उपप्रधान, युवा कांग्रेस नेता प्रवीण व अरुण सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
