एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के दुर्गम जनजातीय क्षेत्र भरमौर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के लोथल गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरवन कुमार नामक व्यक्ति ने कथित रूप से शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ विवाद किया। विवाद बढ़ने पर उसने तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर को सील कर साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।
पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
ग्रामीणों के मुताबिक, दंपती मंगलवार शाम अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे और देर रात लौटे। घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि आरोपी पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन परिजनों ने उसे बचा लिया था। पड़ोसियों के अनुसार, वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। मृतक महिला मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। वह घोड़े-खच्चर चलाने का कार्य कर घर की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रही थी। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।
जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
