एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा
चंबा जिले के तेलका-सलूणी मार्ग पर मंगलवार को बंजाल के पास एक टैक्सी गहरी खाई में गिर गई। हादसे में महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान विशाल (38) पुत्र चमारू राम निवासी बंजाल, सलूणी और निशा देवी (27) पत्नी अमर सिंह निवासी खलौड़ी के रूप में हुई है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह निशा देवी अपने दो बच्चों के साथ सलूणी जा रही थीं। बंजाल के पास टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़कते हुए गहरी खाई में जा गिरी। वाहन पेड़ों में फंस गया। हादसा इतना भयंकर था कि चालक और महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत किहार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला और चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल छह और दो साल के बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों बच्चों की हालत में अब सुधार है।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
और पढ़ें : >> रामपुर के गानवी-ज्यूरी में युवक की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
