एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवीकोठी-टेपा सड़क पर उस समय हुआ जब एक एक्सयूवी कार (HP 44-4925) अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र कुमार निवासी बाहला टेपा, पम्मी कुमार निवासी बाहला टेपा और सचिन निवासी चुडरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना में अमर सिंह गांव बाहला मुहाल टेपा और धर्म सिंह निवासी लिंडी मुहाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल तीसा से चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम तीसा अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
