एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के वाणिज्य विभाग ने स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत एक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान में वाणिज्य विभाग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने सक्रिय भाग लिया।
विद्यार्थियों ने वाणिज्य परिसर, कक्षा कक्षों, नालियों और सीलिंग की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. टी.डी. वर्मा ने बताया कि यह स्वच्छता कार्यक्रम वर्ष 2014 से आरंभ हुआ है और इसे संयुक्त राष्ट्र संघ के सतत विकास लक्ष्य 6.2 के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि न मानें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। इस आयोजन में डॉ. ईश्वर नेगी, डॉ. कृष्ण कुमार नेगी और डॉ. हीरा भक्ति भी उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
