एआरबी टाइम्स, ब्यूरो
कुमारसैन। शिमला जिले के कुमारसैन के घुमाना गांव में सेब बगीचे में काम करने वाले नेपाल के युवक ने अपने ही साथी की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात को अंजाम क्यों दिया, इसके बारे में पुलिस पता लगा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी करण (27) ने नशे की हालत में अपने साथी अर्जुन (30) की हत्या कर दी। दोनों एक बागवान के पास सेब बगीचे में मजदूरी करते थे। दोनों एक साथ ही रहते थे। पुलिस को दी शिकायत में देव राज चौहान निवासी गांव घुमाना ने बताया कि एक माह पहले दोनों युवकों को उन्होंने बगीचे में काम करने के लिए रखा था। 14 जनवरी की शाम वह काम से मालंदी गांव गए थे। शाम 6:45 बजे उन्होंने करण से फोन पर बात की तो उसने बताया कि दोनों कैंप में मौजूद हैं। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बताया कि कैंप के पास खेत में एक नेपाली सो रहा है। जब वह वहां पहुंचे तो देखा कि अर्जुन का खून से सना शव कमरे में पड़ा था। शिकायतकर्ता देव राज के अनुसार करण नशे की हालत में था और उसकी पहनी हुई टी-शर्ट पर खून के धब्बे थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करण को पकड़ लिया। देव राज ने आरोप लगाया कि करण ने किसी कठोर वस्तु से अर्जुन के सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की है। इसके आधार और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर करण को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी करण से हत्या करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।