एआरबी टाइम्स ब्यूरो
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। उपमंडल अंब के मुबारिकपुर क्षेत्र में एक 73 वर्षीय विधवा महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामना आया है। आरोप एक 30 वर्षीय युवक पर लगा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुबारिकपुर निवासी 73 वर्षीय महिला अपने घर में अकेली रहती है। बीती रात, आरोपी जो कि महिला का जानकार बताया जा रहा है, उसके घर आया और पानी मांगने के बहाने घर के अंदर घुस गया। महिला ने उसे पानी दिया और जैसे ही वह पीछे हटी, तो आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने महिला के साथ मारपीट की और फिर जबरन दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद, आरोपी महिला का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया और घर का दरवाजा भी बाहर से बंद कर गया। मारपीट की वजह से महिला पूरी रात बेहोश पड़ी रही। जब सुबह महिला को होश आया और उसने मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया, तो पड़ोसियों ने आवाज सुनकर दरवाजा खोला। इसके बाद पड़ोसियों ने गांव के उपप्रधान को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने तुरंत महिला को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया।
महिला को अस्पताल पहुंचाने के बाद डॉक्टरों ने उसकी मेडिकल जांच की, जिसमें यह पुष्टि हुई कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। एसएचओ अंब अनिल शर्मा ने बताया कि एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट की गई है। जब महिला की मेडिकल जांच हुई, तो उसके साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई।
आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी की पहचान चिंकी (30 वर्ष) निवासी मुबारिकपुर, तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।