कांगड़ा में बड़ी कार्रवाई : 5 नशा तस्करों की ₹82 लाख की संपत्ति जब्त, 12 किलो चरस के साथ किए थे गिरफ्तार

एआरबी टाइम्स ब्यूरो 

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों की ₹82.01 लाख की संपत्ति जब्त कर ली है। यह कार्रवाई नशा विरोधी विशेष अभियान के तहत की गई।

24 मई को पकड़ी गई चरस की बड़ी खेप
पुलिस थाना ज्वाली की टीम ने कैजरया में एक नाके के दौरान एक आल्टो कार से 12 किलो 156 ग्राम चरस बरामद की थी। मौके से मंडी निवासी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई। इसी दिन धरमाड़ से अनुपम को पकड़ा गया और बाद में विशाल, बलबीर और चांदेल नामक अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने सभी आरोपियों की वित्तीय स्थिति की गहन जांच की। रमेश कुमार और उनके परिजनों के खातों में ₹12 लाख, बलबीर के परिवार के खातों में ₹12.26 लाख, बलबीर के नाम ₹34.87 लाख का मकान और विशाल के नाम ₹22.87 लाख का मकान जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नशे के खिलाफ चल रही इस मुहिम में अब तक 11 मामलों में ₹18.70 करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *