Nirmand: निरमंड के नोनू में भूस्खलन: तीन घरों को नुकसान, सेब बागानों को भारी क्षति

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

निरमंड(कुल्लू)। शिमला जिला के निरमंड उपमंडल के 15/20 क्षेत्र की कुशवा पंचायत के नोनू गांव में सोमवार सुबह करीब 3 बजे भूस्खलन की एक बड़ी घटना हुई। इस आपदा में तीन परिवारों — चरण दास, सुरजीत और राजीव कुमार — के घरों को नुकसान पहुंचा है। मूसलधार बारिश के कारण आए मलबे और तेज़ पानी की धारा ने घरों की संरचना को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

भूस्खलन से केवल रिहायशी ढांचे ही नहीं, बल्कि खेतों और सेब के बागानों को भी भारी क्षति हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 50 से अधिक फलदार सेब के पेड़ मलबे में दबकर नष्ट हो गए, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का मूल्यांकन कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी गई है। निरमंड के एसडीएम ने मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और उचित मुआवजा जल्द दिया जाएगा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि क्षेत्र में भूस्खलन की संभावनाएं अभी भी बनी हुई हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *