एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। हिमाचल के मंडी जिले में उपमंडल गोहर की कोट देवीदहड़ सड़क पर सनपालू नाला के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और करीब 22 लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान भुरला निवासी बोधराज (38) और नीलमणि के रूप में हुई है। वहीं घायलों में कृष्ण चंद, डोला राम, कुरम देव, किरणा, प्रवीण, डोलमा, जुदया देवी, परम देव, केसर सिंह, द्रौपदी, देशराज और मान दास शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी लोग देवधार गांव में एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के समय फोर व्हीलर में झामड़ और भूरला गांव के लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायलों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। यहां पर दो लोगों ने दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल गोहर और नेरचौक में बाकी घायलों का उपचार जारी है। तहसीलदार गोहर कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए राहत कार्य तेज किया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।