एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
हिमाचल प्रदेश के दभोटा क्षेत्र के माजरा गांव में विजिलेंस विभाग ने वन रक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह ट्रैप कार्रवाई विजिलेंस डीएसपी डॉ. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में की गई। आरोपी को बुधवार को सोलन न्यायालय में पेश किया जाएगा। विजिलेंस के अनुसार माजरा गांव के एक व्यक्ति ने अपने खेत से कुछ पेड़ काट लिए थे। इसकी जानकारी वन रक्षक समीर को मिली। उसे कटे हुए पेड़ों की डैमेज रिपोर्ट तैयार करनी थी।
आरोप है कि वन रक्षक ने मामले को दबाने के लिए ग्रामीण से 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इस पर ग्रामीण ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। शिकायतकर्ता को आरोपी को पैसे लेने के लिए बुलाने को कहा गया। रिश्वत की राशि पर केमिकल लगाया गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 5 हजार रुपये दिए, विजिलेंस टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई पहले से तय योजना के तहत की गई थी।
विजिलेंस डीएसपी डॉ. प्रतिभा चौहान ने बताया कि वन कर्मी समीर मामले को रफा-दफा करने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी को बुधवार को सोलन अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
