एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत डकोलड़ क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती का शव उसके कमरे से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान अंशिका पुत्री रतन दास, निवासी गांव रंगोरी, डाकघर सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। वह रामपुर के डकोलड़ स्थित अपने रिहायशी मकान में रह रही थी।
पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि युवती अपने कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही थाना रामपुर से पुलिस दल मौके पर पहुंचा, जहां युवती मृत पाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी मेडिकल सर्विसेज कॉलेज, खनेरी भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में युवती की मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
