एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश टीम का प्रशिक्षण एवं चयन शिविर दत्तात्रे वॉलीबॉल एकेडमी, दत्तनगर (रामपुर) में शुरू हो गया है। इस शिविर में प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ 24 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिन्हें कोच प्रतीक शर्मा द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान 14 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो उत्तर प्रदेश के बनारस में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित टीम एक जनवरी 2026 को प्रतियोगिता स्थल के लिए रवाना होगी।
दत्तात्रे वॉलीबॉल एकेडमी दत्तनगर के संस्थापक यशविंदर सिंह ठाकुर और एकेडमी के अध्यक्ष विनोज नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता बनारस में 3 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए खाने और रहने की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
एकेडमी के अध्यक्ष ने सीनियर नेशनल वॉलीबॉल कैंप को रामपुर के दत्तात्रे वॉलीबॉल एकेडमी में आयोजित करने के लिए भारतीय वॉलीबॉल संघ एवं हिमाचल प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर तथा महासचिव मदन राणा का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण शिविर के सफल संचालन में एकेडमी के सदस्य विकास कंवर, सुंदर कपूर, चेतन शर्मा, रितेश चौहान, राकेश कपूर और अमन कपूर भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
