एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने गुरुवार को जिले के वर्षा से अत्यधिक प्रभावित इलाकों रायसन, शिरड़ रिसोर्ट, अलेयू, ओल्ड मनाली और आलू ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल और मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की बहाली कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरुण, एसडीएम मनाली रमन कुमार, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि आम जनता और पर्यटकों को कम से कम असुविधा हो।
विशेष रूप से कुल्लू–मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग की प्राथमिकता से बहाली पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सेब सीजन को देखते हुए यह अत्यंत आवश्यक है।

राहत एवं पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर जारी
उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अधिकांश क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और मोबाइल नेटवर्क सेवाएँ बहाल कर दी गई हैं। हालांकि, बार-बार हो रहे भूस्खलन से अस्थायी रूप से इन सेवाओं में बाधा आ रही है, लेकिन त्वरित कार्रवाई कर इन्हें फिर से सुचारू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की निगरानी में राहत कार्य प्राथमिकता से हो रहे हैं।
जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग की 12 पोकलेन, 52 जेसीबी मशीनें, 11 लोडर और 19 टिप्पर सड़क बहाली में तैनात की हैं। वहीं, NHAI ने झिड़ी से रामशिला व कुल्लू से मनाली तक कई मशीनें लगाई हैं। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा व भूस्खलन से प्रभावित सड़क मार्ग को शीघ्र बहाल करने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं।

पेयजल और बिजली सेवाओं की बहाली
कुल्लू व मनाली के पेयजल योजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है, जिनकी बहाली के लिए जलशक्ति विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं। 2 जेसीबी मशीनें, 10 वेल्डिंग मशीनें और 60 कर्मचारी इस कार्य में लगे हैं। विद्युत आपूर्ति भी अधिकांश क्षेत्रों में बहाल की जा चुकी है और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई की नियमित निगरानी की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि भारी वर्षा से कुल्लू और मनाली शहरों को पेयजल उपलब्ध करवाने वाली दो प्रमुख पेयजल योजनाओं को भारी क्षति पहुँची है और इन दोनों योजनाओं की बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर चल जारी है। उन्होंने बताया कि पुरे जिला में पेयजल योजनाओं की बहाली के भी जलशक्ति विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात कार्य में जुटे हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला में प्रभावित बिजली आपूर्ति की बहाली के भी कर्मचारी अधिकारी दिन रात कार्य कर रहे हैं और अधिकतर क्षेत्र विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गयी है।