एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पदम छात्र स्कूल रामपुर के खेल मैदान में बुधवार को जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के 15 खंडों से आए 57 स्कूलों के 387 छात्र भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में उनकी धर्मपत्नी सत्या देवी भी उपस्थित रहीं।
नंद लाल ने कहा, “खेल सिर्फ शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने का जरिया भी हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार खेल क्षेत्र में छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
प्रतियोगिता में जिन खेलों का आयोजन किया जा रहा है, उनमें प्रमुख रूप बॉक्सिंग, बैडमिंटन, जूडो, रेसलिंग, वेटलिफ्टिंग, शतरंज आदि है। पहले दिन विभिन्न खेलों के प्रारंभिक मुकाबले संपन्न हुए, जिनमें प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा, “इस प्रकार के आयोजन शहरी और ग्रामीण छात्रों को समान मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनकी छिपी प्रतिभा सामने आती है।“
इस मौके पर निदेशक लेख राज भारद्वाज, कार्यकारी एडीपीओ राजेश शर्मा, ओब्जर्वर अमरजीत कौर, डीपीई संघ अध्यक्ष चंद्र बदरेल, निदेशक पर्यटन विभाग यशपाल सोनी, जिला कांग्रेस सचिव अनिरूद्ध सिंह बिष्ट, भूपेश धीमान, पार्षद गोविंद राम, राकेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, सुरेंद्र ठाकुर आदि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी मुख्य अतिथि होंगी और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान करेंगी।