एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के लिए रामपुर उपमंडल के छोटे से गांव काशापाट की बेटी दिव्या कश्मीरी पुत्री चंद्र कश्मीरी (एसडीओ लोनिवि) ने अपनी मेहनत और लगन से एक नई मिसाल कायम की है। हाल ही में उनका दीक्षांत समारोह भारतीय प्रबंधन संस्थान, लखनऊ (IIM लखनऊ) में संपन्न हुआ, जिसके बाद उन्हें एक Fortune 500 बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी का शानदार अवसर मिला है।
IIM लखनऊ देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में गिना जाता है, जहां प्रवेश पाना हर छात्र का सपना होता है। दिव्या ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। दिव्या शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल, झाकड़ी से पूरी की, जहां वह स्कूल टॉपर रहीं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और आगे की पढ़ाई के लिए IIM लखनऊ का रुख किया।
IIM में दाखिला पाना आसान नहीं होता। हर साल लाखों छात्र Common Admission Test (CAT) परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन उनमें से केवल शीर्ष 1 प्रतिशत छात्र ही IIM तक पहुंच पाते हैं। दिव्या ने अपनी मेहनत और समर्पण से इस कठिन चुनौती को पार किया।
दिव्या की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं।
