एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश ने डॉ. राकेश शर्मा और नैन्सी अटल को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश मंत्री के रूप में निर्विरोध निर्वाचित किया है। यह घोषणा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश कार्यालय शिमला से की गई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के चुनाव अधिकारी डॉ. सुनील ठाकुर ने बताया कि दोनों पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष का होगा। डॉ. राकेश शर्मा और कु. नैन्सी अटल 31 अक्टूबर, 1 और 2 नवम्बर 2025 को कांगड़ा में आयोजित प्रदेश अधिवेशन में पदभार ग्रहण करेंगे।
डॉ. राकेश शर्मा: शिक्षा और अनुभव
डॉ. राकेश शर्मा मूलतः सुंदरनगर, जिला मंडी के निवासी हैं। उन्होंने पी.एच.डी. (एजुकेशन) की है और उनका विद्यार्थी परिषद से संपर्क 1993 से है। उन्होंने विद्यार्थी परिषद में विभिन्न पदों जैसे इकाई उपाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, जिला प्रमुख, विभाग प्रमुख और प्रांत उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हैं और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला में शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
कु. नैन्सी अटल: शिक्षा और संगठनिक भूमिका
कु. नैन्सी अटल जिला सोलन, नालागढ़ की निवासी हैं। उन्होंने MA (सामाजिक कार्य) की शिक्षा प्राप्त की है और विद्यार्थी परिषद से उनका संपर्क 2017 से है। उन्होंने संगठन में इकाई छात्रा प्रमुख, इकाई सचिव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला संयोजक (जिला सोलन), इकाई सह-सचिव हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री हैं और उनका केंद्र धर्मशाला है।
