एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल की पुलिस की विशेष टीम ने पुराना जुब्बल क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक घर में दबिश देकर वहां मौजूद दो युवतियों से 12.042 ग्राम चिट्टा, इलेक्ट्रिक तराजू और ₹63,690 की नकदी बरामद की।
पुलिस ने दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों लंबे समय से जुब्बल क्षेत्र में चिट्टा तस्करी के कारोबार में सक्रिय थीं। गिरफ्तार युवतियों में एक जुब्बल की रहने वाली है, जबकि दूसरी हरियाणा के यमुनानगर की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस थाना जुब्बल में मादक पदार्थ निषेध अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
नशे का कारोबार समाज को अंदर से खोखला कर रहा है। युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए पुलिस की सख्ती के साथ-साथ समाज को भी जागरूक होना जरूरी है। नशे से दूर रहें, जीवन को नई दिशा दें।
