एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
अगर आपका सपना विदेश में नौकरी करने का है तो अब आपके पास एक बड़ा अवसर है। दुबई की एक प्रतिष्ठित कंपनी में 100 ट्रेलर ड्राइवरों की भर्ती निकली है। इसके लिए मासिक वेतन 52 हजार रुपये (2250 दिरहम) निर्धारित किया गया है। यह नियुक्ति जेबेल अली पोर्ट दुबई में की जाएगी।
27 अक्तूबर को ऊना में साक्षात्कार
इन पदों के लिए 27 अक्तूबर को जिला ऊना में साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। साक्षात्कार का आयोजन जालंधर कौशल विकास निगम की ओर से किया जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे तक कौशल विकास केंद्र, पालकवाह (हरोली) पहुंचना होगा। यह साक्षात्कार श्रम, रोजगार एवं ओवरसीज प्लेसमेंट विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड और जिला रोजगार कार्यालय ऊना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
आवश्यक योग्यता और शर्तें
इन पदों के लिए उम्मीदवार को निम्नलिखित योग्यता और दस्तावेज रखने होंगे:
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता: दसवीं पास
बेसिक अंग्रेजी का ज्ञान आवश्यक
आयु सीमा 24 से 41 वर्ष के बीच
वैध भारतीय पासपोर्ट और एचएमवी (Heavy Motor Vehicle) ड्राइविंग लाइसेंस
उम्मीदवार के शरीर पर कोई टैटू नहीं होना चाहिए
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि योग्य उम्मीदवारों को इस साक्षात्कार में शामिल होने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 2250 दिरहम (लगभग 52,000 रुपये) वेतन मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें ओवरटाइम भत्ता, आवास सुविधा और अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे। यह नियुक्ति दुबई के प्रसिद्ध जेबेल अली पोर्ट में की जाएगी, जो संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है।
आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक उम्मीदवारों को साक्षात्कार के समय निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने होंगे:
आधार कार्ड
दो पासपोर्ट आकार की फोटो
बायोडाटा की प्रति
वैध भारतीय पासपोर्ट
एचएमवी ड्राइविंग लाइसेंस
उम्मीदवारों को यह ध्यान रखना होगा कि यात्रा भत्ता (TA/DA) देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय ऊना से संपर्क कर सकते हैं।
