एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग में एक ज्वेलर के साथ 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर आरोपियों ने नकली 26 किलो चांदी बेचकर ज्वेलर से 190 ग्राम सोने और 240 ग्राम चांदी के गहने समेत 25 हजार रुपये नकद ले लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एक दंपती ठियोग के शाली बाजार में स्थित ज्वेलर की दुकान पर चांदी का सामान लेकर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उनके पास पुश्तैनी चांदी है, जिसे वह अपनी बेटी की शादी के लिए बेचना चाहते हैं। कारोबारी को भरोसे में लेने के लिए उन्होंने नमूने के तौर पर असली जैसी दिखने वाली चांदी दिखाई।
पीड़ित कारोबारी हरिंद्र कुमार उनके झांसे में आ गए। इसके बाद गिरोह की चार अन्य महिलाएं भी उसी दुकान पर पहुंचीं और खुद को रिश्तेदार बताते हुए सोना खरीदने की बात कही। कारोबारी ने चांदी का वजन किया और बदले में सोने के आभूषण और नकद राशि दे दी। अगले दिन जब कारोबारी ने लैब में जांच करवाई, तो पूरी 26 किलो चांदी नकली निकली। तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि शातिर अपने आपको राजस्थान के निवासी बता रहे थे। गिरोह के सदस्य प्रवासी मूल के लग रहे थे और उन्होंने खुद को गरीब बताते हुए सहानुभूति बटोरी। डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
