एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 (पुरुष वर्ग) का शानदार शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय रामपुर, रिकांगपिओ, निरमंड, आनी, सीमा रोहड़ू, नेरवा, सरस्वती नगर सावड़ा और डी.ए.वी. कोटखाई की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 25 से 28 अक्तूबर 2025 तक चलेगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय महाविद्यालय रामपुर के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. टी. डी. वर्मा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण प्रतिस्पर्धा के साथ खेल में भाग लेने का आह्वान किया।
दिन का पहला मैच राजकीय महाविद्यालय सीमा रोहड़ू और निरमण्ड के बीच खेला गया। सीमा रोहड़ू ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 245 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। बल्लेबाज़ों में सचिन (60), अनुराग (38), निखिल (37) और अविक्षित (21) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निरमण्ड की ओर से अविनाश ने 3 विकेट लिए।
जवाबी पारी में निरमण्ड की टीम 10 ओवर में केवल 46 रन बनाकर आउट हो गई। सीमा रोहड़ू की टीम के रोहन (4 विकेट) और सचिन (3 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की। इस प्रकार, पहला मैच सीमा रोहड़ू की एकतरफा जीत के साथ समाप्त हुआ। दूसरा रोमांचक मैच नेरवा और सावड़ा के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. जितेन्द्र साहनी, डॉ. ईश्वर नेगी, प्रो. रविन्द्र नेगी, प्रो. अनिल वर्मा, डॉ. सतपाल, डॉ. कृष्ण कुमार नेगी, अधीक्षक रोशन लाल, और खेल सहायक युगराज सिंह सहित छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रतियोगिता 28 अक्तूबर 2025 को समाप्त होगी, और विजेता टीम आगामी क्वार्टर फाइनल चरण के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला का प्रतिनिधित्व करेगी। महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोशवर्धन किया। प्रतियोगिता शारीरिक शिक्षा विभाग के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है।
