एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार, रामपुर जलविद्युत स्टेशन में 28 अक्टूबर 2025 को “फिट इंडिया रन 6.0” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ निष्ठा, सत्यनिष्ठा एवं सतर्कता के मूल्यों को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख विकास मारवाह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन, हिम्पेस्को एवं CISF के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लेकर फिटनेस, अनुशासन एवं सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
अपने संबोधन में श्री विकास मारवाह ने कहा कि “शारीरिक फिटनेस और मानसिक सजगता एक-दूसरे के पूरक हैं, और जीवन के हर क्षेत्र में सतर्कता को आचरण का हिस्सा बनाना चाहिए।” यह आयोजन “फिट इंडिया मूवमेंट” की भावना को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्यों से जोड़ते हुए सभी प्रतिभागियों को शारीरिक रूप से सक्रिय एवं नैतिक रूप से सजग रहने के लिए प्रेरित करता है।
