एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के दुगनेहड़ी क्षेत्र में वीरवार सुबह एक नशा तस्कर ने पुलिस नाके को तोड़ते हुए थाना प्रभारी (SHO) पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। घटना में SHO कुलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
नशे की सूचना पर पुलिस ने सुबह आठ बजे लगाया था नाका
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत दुगनेहड़ी में नाल्टी सड़क पर सुबह लगभग 8 बजे पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में प्रतिबंधित नशे की खेप लाई जा रही है। जब संदिग्ध गाड़ी को रोका गया, तो ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय थाना प्रभारी पर गाड़ी चढ़ा दी। हमले से SHO सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। अपने बचाव में SHO कुलवंत सिंह ने तीन राउंड फायर किए, जिससे गाड़ी का एक टायर पंचर हो गया। इसके बावजूद आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और कुछ दूरी पर गाड़ी बरामद कर ली। हालांकि, आरोपी मौके से फरार हो गया।
एसपी बोले – आरोपी की पहचान हो गई, जल्द होगी गिरफ्तार
एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी और गाड़ी के मालिक की पहचान कर ली है। गाड़ी हिमाचल में पंजीकृत है और इसके मालिक पर पहले से NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है। एसपी ने कहा कि पुलिस टीम ने मुस्तैदी से कार्रवाई की और अब आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती नशा तस्करी की घटनाओं पर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी हाल में नशे के कारोबारियों को बख्शेगी नहीं।
और पढ़ें
> हिमाचल में बढ़ा ठंड का प्रकोप, 14 जगह पारा 5 डिग्री से नीचे, ताबो का तापमान -7.4°C
