एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में 14 वर्षीय नाबालिग द्वारा महिला पर किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि नाबालिग ने महिला से दुराचार का प्रयास किया और विरोध करने पर उस पर दराती व डंडे से हमला कर दिया।
घटना सदर थाना क्षेत्र के सासन गांव की है, जहां 40 वर्षीय महिला खेतों में घास काटने गई थी। उसी दौरान आरोपी नाबालिग ने उस पर हमला कर दिया। महिला ने बचाव किया तो आरोपी ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला का कान कट गया और सिर व गर्दन पर गहरी चोटें आईं। गांव के लोगों ने घायल महिला को देखकर तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पहले उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां उसकी सर्जरी की गई, लेकिन हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना स्थल से दराती, डंडा, पेन और टूटी स्केल जैसे सबूत बरामद किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने मामले में पोस्को अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
