एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल रामपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए चार नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इनमें पल्मोनरी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. हितेश ठाकुर, माइक्रोबायोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमृतांशु, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. शगुन गुलेरिया और महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार शामिल हैं।
खास बात यह है कि डॉ. दिनेश कुमार की इस अस्पताल में यह दूसरी नियुक्ति है, वह पूर्व में भी यहां सेवाएं दे चुके हैं। इससे महिला रोगियों को अब बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। श्वास रोग विशेषज्ञ का पद लंबे समय से रिक्त था, जिससे रामपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को शिमला या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। अब इस समस्या का समाधान हो गया है और स्थानीय स्तर पर ही इलाज संभव होगा।
200 बिस्तरों वाले खनेरी अस्पताल में रोजाना लगभग 1000 ओपीडी होती है। शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जैसे दुर्गम जिलों के मरीज इस अस्पताल पर निर्भर हैं। डॉ. सोमदत्त का तबादला अब ठियोग अस्पताल कर दिया गया है, लेकिन उनकी जगह डॉ. दिनेश कुमार की नियुक्ति से महिला रोग विशेषज्ञ का पद भरा रहेगा। खनेरी अस्पताल के कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पदम शर्मा ने जानकारी दी कि सभी नए विशेषज्ञ जल्द ही पदभार संभालेंगे और मरीजों को सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। अब अस्पताल में डॉक्टरों की कुल संख्या 26 हो गई है।
