एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों से पहले पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य सरकार ने 81 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में पंचायतों की कुल संख्या बढ़कर 3701 हो गई है। हालांकि, जनता की आपत्तियों के चलते फिलहाल तीन पंचायतों के गठन पर रोक लगा दी गई है। इनमें दो पंचायतें शिमला और एक पंचायत सोलन जिले की है।
पंचायती राज विभाग की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी करते हुए सभी जिलों के उपायुक्तों को नई पंचायतों के वार्डों की जनसंख्या और सीमाएं तय करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्तों को तीन दिन के भीतर सीमांकन प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। सरकार ने 31 मार्च तक पंचायतों का आरक्षण रोस्टर जारी करने का निर्णय लिया है। इसी रोस्टर के आधार पर तय होगा कि कौन-सी पंचायत किस वर्ग के लिए आरक्षित होगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव 31 मई से पहले करवाए जाने हैं। इसी को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
किस जिले में कितनी नई पंचायतें गठित
अधिसूचना के अनुसार जिलावार नई पंचायतों का गठन इस प्रकार किया गया है:
कांगड़ा: 20 पंचायतें
सोलन: 11 पंचायतें
शिमला: 9 पंचायतें
सिरमौर: 8 पंचायतें
हमीरपुर: 7 पंचायतें
चंबा: 6 पंचायतें
ऊना: 6 पंचायतें
मंडी: 5 पंचायतें
कुल्लू: 4 पंचायतें
किन्नौर: 2 पंचायतें
बिलासपुर: 2 पंचायतें
लाहौल-स्पीति: 1 पंचायत
यें भी पढ़ें
Himachal Panchayat Election : 31 मई तक हर हाल में चुनाव कराएं, सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश
