एआरबी टाइम्स ब्यूरो, धर्मशाला
नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेड गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद के चलते एक भतीजे ने चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अशोक कुमार (निवासी लुदरेड) के रूप में हुई है। वारदात सुबह करीब 8 बजे हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार आरोपी भतीजे सुखविंद्र सिंह (26) ने चाचा अशोक कुमार पर चाकू से आठ वार किए। गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को ग्रामीणों ने टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने घर चला गया, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
जमीन विवाद के चलते ली जान
स्थानीय लोगों के मुताबिक अशोक कुमार और आरोपी के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। हाल ही में फोरलेन में जमीन आने पर आरोपी के परिवार को मुआवजा भी मिला था। इसी विवाद को लेकर करीब दो माह पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था और मामला पुलिस तक पहुंचा था। गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी ने यह कदम अपने परिजनों की शह पर उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के पिता ने पहले भी अशोक कुमार को धमकी दी थी। ग्रामीणों ने आरोपी के परिजनों को भी गिरफ्तार करने की मांग की है। अशोक कुमार अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे। मेहनत-मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों ने उन्हें मिलनसार और शरीफ व्यक्ति बताया। पुलिस का कहना है कि घटना के तुरंत बाद तीन टीमें गठित कीं गईं और आरोपी को पकड़ लिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गहन जांच जारी है।
