एआरबी टाइम्स ब्यूरो | भावानर
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, जानी संपर्क मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो महिलाओं सहित चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे टापरी से जानी जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पहाड़ी क्षेत्र और खाई की अधिक गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतकों की पहचान हिमेश कुमार निवासी जानी निचार, कृष्णा (42),
सुषमा निवासी ग्रांगे निचार और इंद्र लाल निवासी जानी के रूप में हुई है। विद्या कृष्ण निवासी जानी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। भावानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में संकरी सड़क, तीखे मोड़ या वाहन के अनियंत्रित होने को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जानी और निचार क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी संपर्क मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और सड़क सुधार की मांग की है।
