एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
SIS India Limited ने सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 120 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों के लिए 27 मार्च को उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं तथा 28 मार्च को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने बताया कि दोनों स्थानों पर साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे। इन पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा उम्मीदवार की ऊंचाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 17,000 रुपये से 23,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। साथ ही एक माह का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 6 माह या 1 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर सरकार की ईएलआई योजना के तहत 15,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी मिलेगी।
हिमाचल और चंडीगढ़ में नियुक्त होंगे चयनित उम्मीदवार
नियुक्ति हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में की जाएगी। जिन उम्मीदवारों का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं है, वे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।
