एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर में आयोजित पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित शारीरिक परीक्षण के उपरांत कुल 208 अभ्यर्थियों में से 99 अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपमंडलवार जारी की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमारसैन उपमंडल में 4 पदों के लिए 16 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जबकि रामपुर उपमंडल में 15 पदों के लिए 83 अभ्यर्थियों का चयन दस्तावेज़ सत्यापन हेतु किया गया है।
रामपुर उपमंडल के अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया 20 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक एसडीएम कार्यालय, रामपुर में आयोजित की जाएगी। इस दौरान एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी, PMEC समिति के अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ डॉ. विनय शर्मा सहायक निदेशक, सीमन बैंक, सदस्य डॉ. अनिल शर्मा वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, ज्यूरी सदस्य सचिव के रूप में शामिल होंगे।
वहीं, कुमारसैन उपमंडल के लिए दस्तावेज़ सत्यापन 22 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक एसडीएम कार्यालय, कुमारसैन में आयोजित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में एसडीएम कुमारसैन श्री मुकेश शर्मा अध्यक्ष होंगे, जबकि डॉ. विनय शर्मा सदस्य और डॉ. अनिल शर्मा सदस्य सचिव के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे। प्रशासन द्वारा सभी शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को व्हाट्सएप एवं डाक के माध्यम से सूचना भेज दी गई है, ताकि सभी को समान अवसर सुनिश्चित किया जा सके।
चयन प्रक्रिया पूर्णतः मेरिट आधारित है। इसमें 10वीं कक्षा के अंकों को 85 प्रतिशत वेटेज दिया गया है। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों के घर में पशु टैगिंग की गई है, उन्हें अतिरिक्त अंक मिलेंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त वेटेज प्रदान किया जाएगा। संबंधित पंचायत के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि सटे हुए पंचायतों के अभ्यर्थियों को तुलनात्मक रूप से कम वेटेज मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर के खेलों में पदक विजेता अभ्यर्थियों को भी स्पोर्ट्स कोटा के तहत लाभ दिया जाएगा।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान अपने सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाना सुनिश्चित करें।
