एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवती की तेजधार हथियार से गला और बाजू काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विकास पटियाल (36) के रूप में हुई है, जिसे नशे का आदी बताया जा रहा है।
घर से एक किलोमीटर दूर किया तेजधार हथियार से हमला
जानकारी के अनुसार यह वारदात मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में हुई। मृतक युवती की पहचान सिया गुलेरिया (19) निवासी गांव नैण, सरकाघाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिया सोमवार सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। वह घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी ही तय कर पाई थी कि रास्ते में आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने युवती पर तेजधार हथियार से हमला करते हुए उसका गला और बाजू काट दी। हमले के बाद युवती की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। युवती की निर्मम हत्या से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आरोपी को दो किमी दूर दबोचा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल से पकड़ लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सरकार मूकदर्शक बनी है और कानून व्यवस्था का बुरा हाल
उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट में बिटिया के साथ जो हुआ, उसे सोचकर मन विचलित हो रहा है। दिन-दहाड़े इस तरह की घटना की देवभूमि में कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश को शर्मसार करती है और उन परिवारों में भय पैदा करती है जिनकी बेटियां शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलती हैं। जिस प्रदेश को सुरक्षित माना जाता था, वहां अपराधियों के हौसले बुलंद होना चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों की धरपकड़ के बजाय पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों को रोकती रही। सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को ऐसी सजा दी जाए जो भविष्य के लिए उदाहरण बने।

1 Comment
Pingback: Solan : कसौली हेरिटेज मार्केट में भीषण आग, 8 दुकानें जलकर राख; सिलेंडर धमाकों से करोड़ों का नुकसान