एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
पुलिस ने नशे के विरुद्ध अभियान में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। शिमला पुलिस ने ठियोग क्षेत्र में 34.440 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना ठियोग को गुप्त सूचना मिली थी कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर में कुछ व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर वाहन को रोका। वाहन में चार युवक सवार थे, जिनकी पहचान चांद प्रकाश निवासी गांव दरमोह निरमंड, विजय कुमार निवासी निरमंड कुल्लू, अभिषेक निवासी ननखड़ी और कैलाश निवासी गांव दरमोह निरमंड कुल्लू के रूप में हुई। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 34.440 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पंजाब का निकला मुख्य सप्लायर
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण से खुलासा हुआ कि यह खेप पंजाब के मानसा जिले के गांव बछौंआ निवासी शिवदेव सिंह ने मुहैया करवाई थी। शिमला पुलिस की स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ठियोग लाकर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस मुख्य आरोपी से पूछताछ करने में जुट गई है कि वह हिमाचल में नशा कहां-कहां सप्लाई कर रहा था।
