एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुर में ‘आगाज-ए-पंद्रह बीश’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहन नेगी ने क्षेत्र की 12 पंचायतों से आए छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी विशेष आयोजन का शुभारंभ और समापन सामूहिक खुशी के बिना अधूरा है। नृत्य और गीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं का दायित्व केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार और समाज के प्रति भी उनके महत्वपूर्ण कर्तव्य हैं। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि के रूप में मौजूद कूट पंचायत प्रधान रतन डोगरा ने प्रदेश में बढ़ते चिट्टे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार प्रयासरत है, लेकिन नशे को रोकना केवल किसी एक की जिम्मेदारी नहीं, इसके लिए समाज को जागरूक होना होगा। उन्होंने बताया कि चिट्टे का सेवन एक-दो बार में ही लत में बदल सकता है और यह जीवन के लिए घातक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम में बुशहरी, कोटगड़ी, किन्नौरी और कुलवी नाटियों सहित पंजाबी और सिरमौरी एकल नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना से किया गया।
इस आयोजन में रामपुर 15/20 क्षेत्र की कूट, क्याओं, गानवी, फानचा, जगोरी, लबाना सदाना, सरपरा तथा किन्नौर 15/20 क्षेत्र की रूपी, बड़ा काम्बा, छोटा काम्बा, कंधार और नाथपा पंचायतों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए।
