एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पीजी कॉलेज रामपुर के छात्र रोनी राणा और छात्रा कशिश नेगी नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी युवा महोत्सव में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
दोनों विद्यार्थियों ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अपनी प्रभावशाली तार्किक क्षमता, विषय की गहन समझ और सशक्त अभिव्यक्ति के बल पर उन्होंने निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया।
नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी युवा महोत्सव का आयोजन 6 से 10 जनवरी तक चितकारा यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में किया जाएगा, जिसमें उत्तर भारत की विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
इस सफलता से न केवल पीजी कॉलेज रामपुर, बल्कि पूरा रामपुर बुशहर क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। कम उम्र में इस स्तर की उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास को दर्शाती है। वे अपने विचारों और वाणी के माध्यम से न केवल स्वयं को, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने दोनों विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और विश्वास जताया है कि वे आगे भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
