एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला।
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में राज्य स्तरीय ग्रामीण स्वाद महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस महोत्सव का उद्देश्य हिमाचली परंपरागत व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है, साथ ही मिलेट आधारित पौष्टिक उत्पादों को प्रोत्साहन देना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।
अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि इस आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे, जो राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। 3 से 7 अक्टूबर, 2025 तक चलने वाले इस स्वाद महोत्सव में जिला शिमला के विभिन्न विकास खंडों से आए 15 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें 13 स्टॉल पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों पर केंद्रित हैं और 2 स्टॉल मिलेट्स आधारित उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं।
इन स्टॉल्स का संचालन स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है, जिनमें पौष्टिक एवं स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। इससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को हिमाचली स्वाद और संस्कृति का अनुभव मिलेगा।
इस उद्घाटन अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षद नरेंद्र ठाकुर एवं कुलदीप ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त शिमला दिव्यांशु सिंघल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।