एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। एनसीसी निदेशालय चंडीगढ़ के तत्वावधान में राष्ट्रीय कैडेट कोर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ‘शतुद्री वंदन सेलिंग अभियान’ का भव्य शुभारंभ मंगलवार को लुहणू घाट, बिलासपुर से हुआ। उपायुक्त राहुल कुमार ने इस विशेष नौकायन अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस अभियान में हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के लगभग 70 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं, जिनमें 46 छात्र और 24 छात्राएं शामिल हैं। ये कैडेट्स अगले 10 दिनों तक गोविंदसागर झील में नौकायन करते हुए बिलासपुर, जगातखाना, रायपुर और नकराना जैसे पड़ावों पर रात्रि विश्राम करेंगे।
अभियान का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना है। इसके साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, और नशा मुक्त भारत जैसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक, रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।कमांडेंट ऑफिसर संजय कुमार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत गोविंदसागर झील की सफाई भी की जाएगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण और जल स्वच्छता का संदेश समाज तक पहुंच सके।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार कौशल ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और यातायात अनुशासन को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। अभियान में बिलासपुर डिग्री कॉलेज, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बन्दला, और डीएवी स्कूल बरमाणा के एनसीसी कैडेट्स ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस तरह के अभियान राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
