एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के दुर्गम इलाकों बागी, बांदल, खुनाची, डगैल, पलेऊणी धार और थरापड़ गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी तालमेल और विकास के एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरें। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस सरकार को झटका लगेगा और आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
कांग्रेस ने लोगों की मांग पर खोले संस्थान बंद किए

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई और सत्ता में आते ही लोगों की मांग पर खोले गए संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर आपके काम बंद किए गए हैं तो आप भी कांग्रेस को वोट देना बंद करें। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में सड़कों का जाल केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हुआ है। जिस सड़क से वे पहुंचे, उसका निर्माण केंद्र से मिली 14 करोड़ से हुआ है। इस 18 किमी लंबी सड़क से कई पंचायतें जुड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
काम करने वाली नहीं, काम रोकने वाली सरकार
वर्तमान कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार काम करने वाली नहीं बल्कि काम रोकने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही 2000 से अधिक जनहितकारी संस्थानों को बंद कर दिया गया। जयराम ठाकुर ने क्षेत्र में आपदा के बाद खराब सड़कों की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि बरसात से पहले मलबा नहीं हटाया गया तो दोबारा नुकसान हो सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा अंत्योदय और समग्र विकास के एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएगी।
