एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर। पदम् वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर के प्रांगण में बुशहर कबड्डी संघ के बैनर तले प्रशासन व लवी मेला कमेटी के सहयोग से चल रही बहुप्रतीक्षित कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमखम का प्रदर्शन किया। मैदान में दर्शकों की बड़ी संख्या मौजूद रही और पूरे दिन रोमांचक मुकाबलों का आनंद उठाया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश परमार और एक्सईन जल शक्ति बोर्ड रामपुर आर.एस. नेगी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जहां शारीरिक व मानसिक संतुलन बनाए रखते हैं, वहीं कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों का संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है।
महिला वर्ग के मुकाबले
भाई लाल ऊना ने रूद्रा ऊना पर शानदार जीत दर्ज की।
सिरमौर की टीम ने रामपुर को मात दी।
कोहिनूर ने सैंज ऊना को आसानी से पराजित किया।
पुरुष वर्ग के मुकाबले
सिरमौर और बिलासपुर के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
कृष्णा एकेडमी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रामपुर की टीम को हराया और अगले चरण में प्रवेश का रास्ता मजबूत किया।
यह प्रतियोगिता लीग प्रणाली पर आधारित है, जिसमें प्रत्येक पूल से शीर्ष टीमें अगले दौर में जगह बनाएंगी। प्रतियोगिता का भव्य समापन शुक्रवार को सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में किया जाएगा।
